जिले के चौकी बैवाही क्षेत्र के ग्राम सभा पिपरिया के लाला पिपरिया के पास एक खेत में मंगलवार को झाड़ी में तेंदुआ का शावक देखा गया। शावक दिखने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते आसपास के गांवों से भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम वन दारोगा बृजेश वर्मा के साथ मौके पर पहुंची। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इलाकाई पुलिस को भी बुलाया गया। चौकी इंचार्ज बैवाही महेंद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक चन्द्रेश्वर मिश्रा और हेड कांस्टेबल प्रमोद वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद हैं। वन दारोगा बृजेश वर्मा ने बताया कि शावक अभी भी झाड़ी में मौजूद है, लेकिन उसकी मां तेंदुआ दिखाई नहीं दे रही है। शावक लगभग 3 से 4 दिन का प्रतीत हो रहा है। वन विभाग द्वारा झाड़ी के चारों ओर झाल (बाड़) लगाई जा रही है ताकि शावक सुरक्षित रहे। उच्च अधिकारियों के आने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। वन विभाग ने सभी ग्रामीणों को झाड़ी के पास जाने से मना किया है और उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी है।
खेत में दिखा तेंदुए का शावक:ग्रामीणों की भारी भीड़, मौके पर वन विभाग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












