Homeउत्तर प्रदेशडुमरिया बुजुर्ग में RRC निष्क्रिय, कचरा सड़क पर फैल रहा:स्वच्छता योजना का...

डुमरिया बुजुर्ग में RRC निष्क्रिय, कचरा सड़क पर फैल रहा:स्वच्छता योजना का लाभ नहीं मिल रहा, ग्रामीण परेशान


सिद्धार्थनगर के खेसरहा क्षेत्र की ग्राम पंचायत डुमरिया बुजुर्ग में स्थापित रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) निष्क्रिय पड़ा है। सरकार की स्वच्छता योजना के तहत गांव के कचरे के समुचित निस्तारण के उद्देश्य से बना यह केंद्र वर्तमान में केवल शोपीस बनकर रह गया है। केंद्र पर ठेला चालक और सफाई कर्मियों की नियुक्ति की गई है, जिनके नाम भी स्पष्ट रूप से अंकित हैं। इसके बावजूद, गांव का कचरा आज तक इस केंद्र तक नहीं पहुंच पाया है। परिणामस्वरूप, कचरा सड़क किनारे ही फेंका जा रहा है, जिससे गंदगी फैल रही है और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने इस स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। गांव निवासी दुर्गेश ने बताया कि सरकार ने एक अच्छी योजना शुरू की है, लेकिन यहां उस पर कोई अमल नहीं हो रहा है और कचरा आज भी सड़क किनारे पड़ा रहता है। एक अन्य ग्रामीण विनय का कहना है कि यदि आरआरसी सेंटर ठीक से संचालित होता, तो गांव साफ-सुथरा रह सकता था, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। संदीप ने भी कहा कि सफाई कर्मी और ठेला चालक की नियुक्ति के बावजूद काम नहीं हो रहा है, जिससे योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जटाशंकर ने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि कचरा इधर-उधर फैलने से गंदगी बढ़ रही है और बीमारियों का खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से इस पर तुरंत ध्यान देने की अपील की। इस संबंध में जब ग्राम प्रधान दुर्गेश से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा ठेला प्राप्त न होने के कारण कचरा सेंटर तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने शीघ्र ही कोई व्यवस्था करवाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर आरआरसी सेंटर को जल्द से जल्द संचालित किया जाए, ताकि स्वच्छता योजना का लाभ आम जनता तक पहुंच सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments