लखनऊ । गोण्डा इकाई की भ्रष्टाचार निवारण संगठन टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बहराइच में तैनात उपनिरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।मिली जानकारी के अनुसार, थाना मोतीपुर क्षेत्र के एक मामले में नाम निकालने और जेल न भेजने के एवज में अवैध धनराशि की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। मंगलवार 28 अप्रैल 2026 को निरीक्षक धनंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने थाना मोतीपुर के पास एक चाय की दुकान पर छापा मारकर आरोपी उपनिरीक्षक सुरेशचन्द्र गिरि को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी दारोगा, गोरखपुर जिले का रहने वाला है और वर्तमान में मोतीपुर थाने में तैनात था। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।यह कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की “जीरो टॉलरेंस” नीति और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के सख्त निर्देशों के तहत की गई है।एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेश में सख्त रुख अपनाया गया है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।












