श्रावस्ती जिले में पुराने विवाद को लेकर दबंगों ने एक युवक पर हमला कर दिया। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए लखनऊ के हायर सेंटर रेफर किया गया है। यह घटना गिलौला थाना क्षेत्र के मसढ़ी चौराहा पर हुई। मिली जानकारी के अनुसार, मसढ़ी चौराहा निवासी सुखपता पत्नी गोबरे ने गिलौला थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनका 22 वर्षीय पुत्र शिवम गांव में खाना खाने गया था। वापस लौटते समय रास्ते में पुराने विवाद को लेकर विपक्षी पक्ष के लोगों ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। शिवम द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। शोर सुनकर जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी युवक को गंभीर रूप से घायल कर फरार हो चुके थे। परिजनों ने घायल शिवम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। वहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे लखनऊ के हायर सेंटर रेफर कर दिया। पीड़ित महिला ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। गिलौला थाना अध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि उन्हें प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है। मामले की जांच की जा रही है और एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
युवक पर दबंगों का हमला, गंभीर हालत:गिलौला में पुराने विवाद में मारपीट के बाद लखनऊ रेफर
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












