रिपोर्ट – सुशील शर्मा
जिला ब्यूरो चीफ़ बस्ती
बस्ती/रुधौली। साइबर अपराध रोकथाम के क्रम में थाना रुधौली की साइबर सेल टीम को बड़ी सफलता मिली है। व्हाट्सएप हैक कर APK फाइल डाउनलोड कराकर ठगी किए गए ₹8,567 की पूरी धनराशि साइबर सेल ने शिकायतकर्ता के खाते में वापस करा दी।


जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी रुधौली थाना रुधौली जनपद बस्ती का व्हाट्सएप अज्ञात साइबर अपराधियों द्वारा हैक कर लिया गया था। इसके बाद APK फाइल डाउनलोड कराकर उनके खाते से ₹8,567 अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर करा लिए गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत NCRP पोर्टल पर दर्ज कराई थी।
शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के दिशा-निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के कुशल निर्देशन और क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप सिंह यादव के नेतृत्व में थाना रुधौली की साइबर सेल टीम सक्रिय हुई। प्रभारी निरीक्षक थाना रुधौली संजय कुमार दुबे, साइबर प्रभारी उप निरीक्षक एजाज अहमद तथा साइबर सेल कर्मी कांस्टेबल सर्वदानन्द यादव द्वारा त्वरित विधिक कार्रवाई करते हुए पूरी धनराशि होल्ड कराई गई।
आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद साइबर सेल थाना रुधौली की टीम ने शिकायतकर्ता संतोष कुमार के खाते में ₹8,567 की पूरी धनराशि वापस करा दी। पैसा वापस मिलने पर संतोष कुमार ने थाना रुधौली पुलिस और बस्ती पुलिस का धन्यवाद करते हुए पुलिस कार्रवाई की सराहना की।
साइबर सेल थाना रुधौली ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, APK फाइल या संदिग्ध मैसेज को डाउनलोड न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत NCRP पोर्टल या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।












