HomeHealth & Fitnessबाइक सवार मां बेटे को रोडवेज बस ने मारी टक्कर, मां की...

बाइक सवार मां बेटे को रोडवेज बस ने मारी टक्कर, मां की मौत

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे में मंगलवार को रोडवेज बस ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी।

इस हादसे में मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव रखकर जाम लगाकर हंगामा किया। सीओ सदर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर जाम खुलवाते हुए मामला शांत कराया।

सदर कोतवाली क्षेत्र के जरैली मड़ैया मोहल्ला निवासी फूलकली (54) पत्नी सवनियां निषाद मंगलवार को अपने पुत्र वीरू (30) के साथ सदर कोतवाली के बड़ागांव में अपने भतीजे के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से निकली थी।

वीरू ने जैसे ही बेतवा नदी का पुल पार किया वैसे ही सामने से आ रही महोबा डिपो की बस ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे फूलकली सड़क पर गिर गई और बस का पहिया उसके सिर को कुचलता हुआ निकल गया।

जिससे मौके पर ही फूलकली की मौत हो गई। हादसे की वजह से हाईवे पर जाम लगना शुरू हो गया। कुछ ही देर में मृतका के परिजन मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद उन्होंने शव रखकर जाम लगा दिया।

परिजन मुआवजा और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। सूचना पर एसडीएम सदर अभिषेक कुमार, सीओ सदर राजेश कमल, चेयरमैन कुलदीप निषाद मौके पर पहुंच गए।

जिसके बाद परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खोलने को राजी किया गया। जाम की वजह से हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई है। मृतका पांच बेटियों की मां है। मंगलवार को बड़ागांव निवासी उसके भतीजे का तिलक और बुधवार को बारात जानी थी।

सीओ सदर राजेश कमल ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बस चालक पर कार्रवाई की जा रही है। हादसे की जांच कराई जा रही है।

चेयरमैन ने पीड़ित परिवार को दी एक लाख की सहायता
बस की टक्कर लगने से महिला की मौत के मामले में नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद ने घटनास्थल पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया।

उन्होंने तत्काल एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के साथ मृतक की एक पुत्री को नगर पालिका में संविदा में नौकरी देने की बात कही है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments