लखनऊ। पीजीआई थाना पुलिस ने बंद मकानों में चोरी करने वाले चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपियों ने परिवार के घर से बाहर होने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार न्यू ग्रीन सिटी कॉलोनी, हैवतामऊ मवैया निवासी कविता यादव अपने छोटे बेटे के मुंडन संस्कार के लिए 8 जुलाई को विंध्याचल (मिर्जापुर) गई थीं। 10 जुलाई को लौटने पर घर के ताले टूटे मिले और अंदर रखा सोने-चांदी का कीमती सामान चोरी हो चुका था। पीड़िता की तहरीर पर पीजीआई थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने तीन विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं का गहन विश्लेषण किया। लगातार दबिश के बाद 14 जुलाई को कालिंदी पार्क की ओर जाने वाली नहर के किनारे से अर्जुन रावत, सुदैफ अली उर्फ समर, विनय कुमार और दीपक यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले बंद घरों की रेकी करते थे। जब यह सुनिश्चित हो जाता था कि घर में कोई नहीं है, तब ताला तोड़कर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद सामान आपस में बांट लेते और पुलिस से बचने के लिए दूसरे जिलों या राज्यों में चले जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो कंगन, दो हार, पांच अंगूठियां, मंगलसूत्र, लॉकेट, नथ, झुमके, करधन, पायल, पाजेब, चेन, कड़े, बिछिया सहित बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं, जिनकी कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि चारों आरोपियों के खिलाफ पहले से चोरी, मारपीट और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।












