लखनऊ। संत कबीर नगर की सामाजिक संस्था “अल फारूक बैतुल माल” ने विकास नगर क्षेत्र के अग्निकांड पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की। संस्था के अध्यक्ष, पदाधिकारियों और सदस्यों ने बुधवार को प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
संस्था ने अग्निकांड से प्रभावित लगभग 300 परिवारों को आवश्यक सामग्री प्रदान की। इसमें बर्तन, कपड़े और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल थीं।इस अवसर पर “जामिया उमर फारूक ट्रस्ट संतकबीर नगर” के चेयरमैन मौलाना नूरुल हुदा कासमी ने कहा कि “अल फारूक बैतुल माल” हमेशा से बेसहारा और आपदा प्रभावित लोगों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध रही है।
उन्होंने जोर दिया कि संकट के समय में एक-दूसरे का सहयोग करना ही सबसे बड़ा धर्म है। मौलाना कासमी ने मीडिया को बताया कि संस्था जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रतिबद्ध है और जाति या धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं करती। उन्होंने कहा कि विकासनगर में राहत सामग्री वितरण के बाद भी आवश्यकतानुसार टीम हर संभव मदद करेगी।
पीड़ित परिवारों ने संस्था का आभार व्यक्त किया। “अल फारूक बैतुल माल” ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों को जारी रखने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुँचाने का संकल्प दोहराया। इस सेवा कार्य में संस्था के डिप्टी चेयरमैन मौलाना रहमतुल्लाह नूर कासमी, जनरल सेक्रेटरी फजलुल्लाह नूर, मोहम्मद अरफात, समाजसेवी सईद हाशमी और मौलाना हुजैफा नूर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।












