उन्नाव। लखनऊ के सीएमएस ऑडिटोरियम, एलडीए कानपुर रोड में देवी संस्थान द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘लीडरशिप सर्कल’ कार्यक्रम में देशभर के नवाचारी शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा, अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा एवं देवी संस्थान की संस्थापिका सुनीता गांधी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में उन्नाव के विद्यासागर मिश्रा एवं ज्योति सिंह को शिक्षण में नवाचार एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए शिक्षा मंत्री संदीप सिंह द्वारा सम्मानित किया गया। शिक्षा मंत्री ने उन्नाव के शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा, “निपुण भारत मिशन को सफल बनाने में विद्यासागर मिश्रा (प्राथमिक विद्यालय करौंदी), ज्योति सिंह (प्राथमिक विद्यालय अजीज नगर), ज्योति वर्मा (प्राथमिक विद्यालय बघोड़ा), आशीष सिंह (प्राथमिक विद्यालय मवई), शिवानी (प्राथमिक विद्यालय अटिया) एवं संध्या (प्राथमिक विद्यालय सहदोई) जैसे शिक्षक जनपद के अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणा हैं।”
सुनीता गांधी ने कहा कि ऐसे शिक्षक शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा दे रहे हैं। दो दिवसीय कार्यक्रम में 18 राज्यों के 2500 से अधिक सरकारी अधिकारी, शिक्षा प्रतिनिधि एवं शिक्षक शामिल हुए। उत्तर प्रदेश के उन 9 जिलों के शिक्षकों ने भी प्रतिभाग किया, जहां अल्फा पेडागोजी सफलतापूर्वक लागू की जा रही है।
विद्यासागर मिश्रा ने इस सम्मान को विद्यालय के बच्चों को समर्पित बताया। कार्यक्रम में उपस्थित औरास बीईओ संजय शुक्ल, एआरपी मनीष मिश्रा और शिखा सिंह ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई दी।












