HomeHealth & Fitnessमुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला कहा कि कश्मीर में गोल्फ पर्यटन को दिया जाएगा...

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला कहा कि कश्मीर में गोल्फ पर्यटन को दिया जाएगा बढ़ावा

श्रीनगर । मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को कहा कि सरकार कश्मीर को एक प्रमुख गोल्फिंग डेस्टिनेशन के रूप में बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय स्तर के आयोजन करेगी। घाटी के गोल्फ कोर्स देश के सर्वश्रेष्ठ गोल्फ कोर्सों में शुमार हैं। मुख्यमंत्री ने रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स में इंडिया गोल्फ कार्निवल 2026 का उद्घाटन करने के बाद मीडिया से चर्चा में यह बात कही।

मुख्यमंत्री उमर ने कहा कि कश्मीर का गोल्फ से एक लंबा और ऐतिहासिक संबंध है और यहां विश्व स्तरीय गोल्फिंग बुनियादी ढांचा मौजूद है। उन्होंने कहा, “गोल्फ के साथ कश्मीर का बहुत पुराना रिश्ता है। अगर आप देश के सबसे खूबसूरत गोल्फ कोर्सों को देखें तो श्रीनगर, गुलमर्ग और पहलगाम के कश्मीरी कोर्स आसानी से उनमें गिने जा सकते हैं।” मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्थानीय गोल्फ खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है और साथ ही जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इस खेल का उपयोग कर रही है।

उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट कश्मीर में गोल्फ को बढ़ावा देने की दिशा में एक और कदम है। हम अपने स्थानीय गोल्फ खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना चाहते हैं और साथ ही युवा खिलाड़ियों की एक नई पीढ़ी को इस खेल को अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहते हैं। उमर ने कहा कि टूर्नामेंट में देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रतिभागियों सहित 100 से अधिक गोल्फ खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

उमर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के बाहर के गोल्फ खिलाड़ी लंबे सप्ताहांतों के दौरान विशेष रूप से गोल्फ खेलने के लिए श्रीनगर आने लगे हैं और उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस तरह की खेल गतिविधियां पर्यटन क्षेत्र को और मजबूत करेंगी। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत में जब भी लंबा सप्ताहांत होता है कई गोल्फ खिलाड़ी अब केवल गोल्फ खेलने के लिए श्रीनगर आते हैं। हमें उम्मीद है कि इससे पर्यटन को निश्चित रूप से लाभ होगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments