Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)4 भाइयों के घर एक साथ चोरी:रुपईडीहा में नकदी और गहनों समेत...

4 भाइयों के घर एक साथ चोरी:रुपईडीहा में नकदी और गहनों समेत 18 लाख का नुकसान, दहशत में ग्रामीण


रुपईडीहा थाना क्षेत्र के देवरा गांव में शनिवार रात एक ही परिवार के चार भाइयों के घरों में लाखों रुपये की चोरी हुई। चोरों ने घरों के ताले तोड़कर नकदी और जेवरात चुरा लिए। सुबह जब परिवार के सदस्य जागे, तो उन्हें घरों के दरवाजे खुले और कमरों के ताले टूटे मिले। पीड़ितों के अनुसार, चोर रात के समय घर में घुसे और अलग-अलग कमरों के ताले तोड़ दिए। उन्होंने अलमारियों और बक्सों में रखे नकदी तथा जेवरात चुरा लिए। कमरों के अंदर सामान बिखरा हुआ था। पीड़ित ओमप्रकाश ने बताया कि उनके कमरे से सोने का बाला, मंगलसूत्र, हथिया तोड़ा, दो जोड़ी पायल और 23 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं। अमृत लाल के अनुसार, उनके कमरे से चार जोड़ी पायल, कमर फूल, मंगलसूत्र, बाला और डेढ़ लाख रुपये नकद समेत अन्य सामान चोरी हो गया। कुंज बिहारी के कमरे से सोने का बाला, मंगलसूत्र, पायल, दस बिछिया और हजारों रुपये नकद चुराए गए। उषा देवी के कमरे से सोने की माला, एक जोड़ी पायल और 10 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं। परिजनों ने बताया कि कुल मिलाकर लगभग 15 से 18 लाख रुपये की चोरी हुई है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पीड़ित परिवार ने उच्च अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजकर चोरी का खुलासा करने और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है। गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीण चिंतित हैं। उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है। रुपईडीहा थाना प्रभारी रमेश सिंह रावत ने बताया कि मौके पर पहुंचकर जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments