मुगलसराय: चंदौली जनपद में लगातार हो रही गोलीकांड की घटनाओं ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। रविवार सुबह अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर गांव स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती महिला मरीज की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की गहन जांच में जुटी है।
अस्पताल में घुसकर महिला को मारी गोली
जानकारी के अनुसार मृतक महिला बिहार के कैमूर जिले की निवासी बताई जा रही है। वह 5 मई से पैर में फ्रैक्चर के इलाज के लिए कमलापुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रविवार सुबह करीब 7 बजे एक लंबा युवक कंधे पर बैग लटकाए अस्पताल पहुंचा। उसने पहले अपना ब्लड प्रेशर चेक कराया और फिर सीधे वार्ड की ओर बढ़ गया। स्टाफ ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने पिस्तौल तान दी। इसके बाद आरोपी वार्ड में घुसा और भर्ती महिला मरीज की कनपटी पर गोली मार दी। गोली लगते ही महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अस्पताल से बाहर भागा और सड़क पर भी फायरिंग करते हुए फरार होने की कोशिश करने लगा।
ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा आरोपी
गोली चलने की आवाज सुनते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। वार्ड बॉय, अस्पताल कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने आरोपी का पीछा किया। काफी दूर तक भागने के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
ADG पीयूष मोरडिया पहुंचे मौके पर
वारदात की गंभीरता को देखते हुए एडीजी जोन वाराणसी पीयूष मोरडिया भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने बताया: “आज सुबह अस्पताल के अंदर हत्या की घटना हुई है। सुबह लगभग 7:30 बजे इसकी सूचना मिली थी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
अस्पताल मालिक ने बताई पूरी घटना
अस्पताल संचालक डॉ. सुनील कुमार गौतम ने बताया कि घटना के समय वह गांव में शादी समारोह में गए हुए थे। सुबह स्टाफ ने फोन कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी रात में मरीज बनकर अस्पताल पहुंचा था। उसने पेट दर्द की शिकायत की और बीपी चेक कराने की बात कही। स्टाफ नर्स को उसका व्यवहार संदिग्ध लगा क्योंकि उसने चेहरा ढक रखा था। डॉ. गौतम के अनुसार, ‘बीपी चेक कराने के बाद आरोपी ऊपर वार्ड में पहुंच गया। नर्स ने रोकने की कोशिश की तो उसने पिस्तौल तान दी। इसके बाद वह वार्ड में घुसा और भर्ती महिला की कनपटी पर गोली मार दी। उसने स्टाफ पर भी फायरिंग की कोशिश की, लेकिन सभी लोग छिपकर बच गए।’
ट्रेन में युवक की हत्या से भी बढ़ी दहशत
इसी दिन सुबह 13151 कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस में भी एक युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की। इसके अलावा रविवार सुबह ही डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में भी एक युवक की गोली मारकर हत्या की गई थी।
दो दिनों में लगातार तीन गोलीकांड
लगातार दो दिनों में तीन गन शॉट हत्याओं से पूरे चंदौली और मुगलसराय क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है। खास बात यह है कि तीनों वारदातों में सिर या कनपटी पर गोली मारकर हत्या की गई, जिसके चलते पुलिस सभी घटनाओं के बीच संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
#उत्तरप्रदेश #उत्तरप्रदेशन्यूज़ #यूपीन्यूज़ #UPNews #UttarPradeshNews #HindiNews #BreakingNews #आजकीखबर #ताज़ाखबर #यूपीसमाचार













