सोमवार को कैसरगंज तहसील परिसर में बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने भ्रष्टाचार और न्यायिक अव्यवस्था के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने कोर्ट का बहिष्कार भी किया। तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिवक्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। तहसील परिसर “अधिवक्ता संघ जिंदाबाद”, “अधिकारियों की गुंडागर्दी नहीं चलेगी”, “भ्रष्टाचार बंद करो” और “वादकारियों को न्याय दो” जैसे नारों से गूंज उठा। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि तहसील में फाइलों की बंदरबांट की जा रही है। नामांतरण वादों में अनावश्यक देरी, सीमांकन आख्याओं को लंबित रखना और शासनादेशों की अनदेखी आम बात हो गई है। इसके अलावा, असंक्रमणीय भूमिधरों को समय पूरा होने के बाद भी संक्रमणीय भूमिधर घोषित नहीं किया जा रहा है, जिससे किसानों और भूमिधरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बार एसोसिएशन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक भ्रष्टाचार और अव्यवस्था समाप्त नहीं होती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। अधिवक्ताओं ने प्रतिदिन विरोध प्रदर्शन करने की बात कही है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद सिंह विसेन ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले 8 मई को मंडल कमिश्नर और डीएम बहराइच को तहसीलदार, नायब तहसीलदार और एसडीएम की कार्यप्रणाली के खिलाफ एक ज्ञापन रजिस्ट्री किया था। उन्होंने कहा कि काम में लापरवाही और समय पर काम न होने के कारण अधिवक्ताओं की हड़ताल और कोर्ट बहिष्कार जारी रहेगा।
कैसरगंज तहसील में अधिवक्ताओं का भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन:न्यायिक अव्यवस्था के विरोध में कोर्ट का बहिष्कार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












