भोपाल। मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत आज रविवार को शून्य से पांच साल तक की उम्र के बच्चों को पोलियो दवा का सेवन कराया जाएगा। इस तीन दिवसीय अभियान के तहत प्रदेशभर में1.07 करोड़ बच्चों को दो बूंद जिंदगी की (पोलिया ड्राप) पिलाई जाएगी।
भोपाल जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मनीष शर्मा ने बताया कि भारत के पड़ोसी देशों में पोलियो के केस अभी भी आ रहे हैं, इसलिए पांच साल तक के बच्चों को दवा सेवन कराना ज़रूरी है। उन्होंने परिजनों से आग्रह किया कि अभियान के पहले दिन बच्चों को बूथ पर लाकर दवा पिलाएं।
जनसम्पर्क अधिकारी अंकुश मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत 28 से 30 जून तक शून्य से पांच वर्ष तक आयु के प्रदेश के लगभग 1.07 करोड़ बच्चों को पोलियोरोधी वैक्सीन की अतिरिक्त खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान के सफल संचालन के लिए लगभग 83 हजार पोलियो बूथ, 1.66 लाख वैक्सीनेटर्स एवं 26 हजार सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों एवं चिह्नित सरकारी और निजी अस्पतालों में ये बूथ बनाए गए हैं, जहां पहले दिन बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके साथ ही शॉपिंग मॉल्स और बाजारों में भी दवा पिलाने के लिए टीम तैनात की गई हैं।
बाहर जाने वाले एवं जिले में आने वाले 5 साल तक के प्रत्येक बच्चे को दवा पिलाने के लिए एयरपोर्ट, रेल्वे स्टेशन, बस स्टेण्ड इत्यादि स्थानों पर ट्रांजिट बूथ बनाए गये है। हाईरिस्क क्षेत्रों जैसे- ईंट भट्टे, क्रेशर, निर्माण स्थल, घुमक्कड़ आबादी में मोबाईल टीम तैनात की गई है।
इसके बाद 29 एवं 30 जून को घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, एयरपोर्ट एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर 3800 ट्रांजिट बूथ तथा प्रवासी एवं उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों के लिए 1400 विशेष मोबाइल टीम भी कार्य करेंगी।












