बहराइच के नानपारा कोतवाली क्षेत्र के लीलापुरवा गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक की पहचान 30 वर्षीय विनोद यादव के रूप में हुई है। परिजनों ने पट्टीदारों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। घायल विनोद यादव ने बताया कि वह शाम करीब 6 बजे अपने घर की दीवार पर पानी डाल रहा था। इसी दौरान दो आरोपी धारदार हथियार लेकर आए और उसे दौड़ाया। इसके बाद उन्होंने कट्टे से गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली लगने के बाद परिजन घायल विनोद को कोतवाली ले गए, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नानपारा भेजा गया। सीएचसी के चिकित्सक संतोष यादव ने बताया कि घायल को अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था, प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। एक्स-रे के बाद ही उसकी सही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। सीओ नानपारा पहुप सिंह ने बताया कि घायल अवस्था में युवक कोतवाली आया था, जिसे तत्काल सीएचसी भेजा गया। उन्होंने आश्वासन दिया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डी पी तिवारी भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायल विनोद से घटना के संबंध में जानकारी ली।
बहराइच के नानपारा में युवक को गोली मारी:पारिवारिक विवाद में पट्टीदारों पर आरोप, जिला अस्पताल रेफर
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












