बिजनौर । जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी जागेश्वर सिंह ने बताया कि 13 मई 2026 को विकास खंड परिसर अफजलगढ़ में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से विशेष चिन्हांकन एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु चिन्हांकन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविर में ट्राईसाइकिल, व्हील चेयर, बैसाखी, कान की मशीन, लेप्रोसी किट, एमआर किट तथा स्मार्ट केन आदि सहायक उपकरणों के लिए पात्र दिव्यांगजनों का चयन किया जाएगा। इसके अलावा दिव्यांग एवं कुष्ठावस्था पेंशन, पेंशन में आधार प्रमाणीकरण, फैमिली आईडी, यूडीआईडी कार्ड, दिव्यांगजन शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना, दुकान ऋण संचालन योजना तथा शल्य चिकित्सा योजनाओं से संबंधित जानकारी और लाभ भी प्रदान किए जाएंगे।
शिविर में 5 वर्ष से कम आयु के मूक-बधिर बच्चों के लिए निःशुल्क कॉक्लियर इम्प्लांट तथा करेक्टिव सर्जरी हेतु भी चिन्हांकन किया जाएगा। अधिकारियों ने पात्र दिव्यांगजनों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।












