Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती में द्वार पूजा के दौरान युवक को चाकू मारा:दो पक्षों में...

बस्ती में द्वार पूजा के दौरान युवक को चाकू मारा:दो पक्षों में जमकर मारपीट, प्रधान प्रतिनिधि भी पीटे गए

#बस्ती_न्यूज

बस्ती के नगर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम देवाडीहा में शादी के दौरान द्वार पूजा में खूनी संघर्ष हो गया। दबंगों ने एक युवक के पेट में चाकू मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि को भी लाठी-डंडों से पीटा गया। इस घटना से शादी का माहौल अफरा-तफरी और चीख-पुकार में बदल गया। यह घटना 12 मई को ग्राम देवाडीहा निवासी मेघा निषाद पुत्र बदलू निषाद के घर आयोजित शादी समारोह में हुई। बारात लालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कोपे से आई थी। द्वार पूजा के दौरान नाच-गाने को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। थाना नगर में जवाहर निषाद पुत्र घुरहू द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, चंद्रेश पुत्र गोविंद (निवासी देवाडीहा), प्रिंस पुत्र छैल बिहारी, अंगद पुत्र रामजीत (निवासीगण ग्राम कोपे, थाना लालगंज), राहुल निषाद पुत्र शेषराम (निवासी रामपुर, थाना कलवारी) और राजन निषाद पुत्र कोयल (निवासी धौरहरा, थाना नगर) ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने जवाहर के चचेरे भाई रोहित निषाद पुत्र सुभिरन निषाद के पेट में चाकू मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। परिजनों ने आनन-फानन में रोहित को जिला अस्पताल बस्ती पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। विवाद शांत कराने पहुंचे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामप्रीत यादव पुत्र राघवराम यादव को भी हमलावरों ने लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments