सिद्धार्थनगर के जोगिया क्षेत्र के कोडर गांव में चाय बनाते समय सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। इस घटना में नकदी समेत लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि सिलेंडर फटने से किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। यह घटना उस समय हुई जब 55 वर्षीय मोहनलाल पासवान की पत्नी राजमती घर के अंदर चाय बनाने गई थीं। चाय बनाते समय अचानक सिलेंडर में आग लग गई। डर के मारे राजमती तुरंत घर से बाहर भागीं। उनके बाहर निकलते ही सिलेंडर एक जोरदार धमाके के साथ फट गया और पूरे घर में आग फैल गई। मोहनलाल ने बताया कि उनके बगल में नए घर का निर्माण चल रहा था, जिसके लिए ₹30,000 नकद रखे हुए थे, जो आग में जलकर नष्ट हो गए। राजमती ने जानकारी दी कि बक्से में रखे पैसे, कपड़े और गहने भी पूरी तरह जल गए। मोहनलाल के पुत्र सुनील कुमार ने आरोप लगाया कि उन्हें एजेंसी द्वारा खराब सिलेंडर दिया गया था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि वे इस संबंध में शिकायत दर्ज कराएंगे। घटना की सूचना मिलते ही जोगिया कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। राजस्व निरीक्षक राजेश गुप्ता ने बताया कि जांच के लिए लेखपाल नीतू विश्वकर्मा को घटनास्थल पर भेजा गया है और शासनादेश के अनुसार पीड़ितों को मुआवजा दिलवाने की कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर ग्राम प्रधान जमील अहमद, सुनील कुमार, राजमती, विक्की, अनिल सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
सिलेंडर फटने से लाखों का नुकसान:सिद्धार्थनगर के कोडर गांव में नकदी-सामान जलकर राख, कोई हताहत नहीं
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












