बहराइच । उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में शनिवार तड़के एक घर में लगी रहस्यमयी आग ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। आग की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे हालत नाजुक होने पर लखनऊ रेफर किया गया है। घटना को लेकर परिवार और पुलिस के दावे अलग-अलग होने से मामला और भी संदिग्ध बन गया है।
घटना दरगाह थाना क्षेत्र के नुरुद्दीनचक गांव की बताई जा रही है। यहां रहने वाले राजीव अपनी पत्नी चंदा के साथ घर में मौजूद थे।आरोप है कि रात करीब 3 बजे अचानक घर में आग लगा दी गई, जिससे चंदा बुरी तरह झुलस गई। आग और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह महिला को बाहर निकाला।सूचना मिलते ही रामाज्ञा सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल महिला को जिला अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने महिला की हालत गंभीर देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया।
घायल महिला चंदा ने आरोप लगाया है कि मकान विवाद को लेकर उसके रिश्ते के भाई मोहम्मद सफी, शमी और आश्मी ने घर में आग लगाई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला जलते हुए घर से बाहर निकलती दिखाई दे रही है। वीडियो में वह एक युवक को रोकने की कोशिश करती भी नजर आ रही है।
बताया जा रहा है कि घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगा है, जिसकी जांच की जा रही है। हालांकि पुलिस इस पूरे मामले को संदिग्ध मान रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि पीड़ित पक्ष ने खुद घर में आग लगाई हो सकती है।
थाना प्रभारी रामाज्ञा सिंह के मुताबिक महिला के पति की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












