बहराइच(तरुणमित्र संवाददाता)। जिले के जरवल रोड थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को सोशल मीडिया पर ब्लैकमेल करने, बंधक बनाने और धर्म परिवर्तन की साजिश रचने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पीड़ित पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को मुख्य आरोपी, 21 वर्षीय शहीम पुत्र शरीफ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़ित पिता के अनुसार, एक सप्ताह पहले ही उन्होंने अपनी बेटी की शादी तय की थी और ‘वरीक्षा’ की रस्म भी संपन्न हो चुकी थी। आरोप है कि जैसे ही इसकी भनक दूसरे पक्ष को लगी, उन्होंने वर पक्ष को फोन कर बारात लाने पर गोली मारने की धमकी दे डाली। पुलिस को दी गई तहरीर में बसहिया जगत निवासी शहीम पुत्र शरीफ, उसके पिता शरीफ और परिवार के अन्य सदस्यों को नामजद किया गया था। पीड़ित पिता का गंभीर आरोप है कि आरोपी उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने प्रभाव में लिए हुए थे और उस पर लगातार धर्म बदलने का मानसिक दबाव बना रहे थे। इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक वीडियो और फोटो डालकर नाबालिग को ब्लैकमेल भी किया जा रहा था।
जरवल रोड थाना पुलिस ने गुरुवार रात को संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था, जिसके बाद शनिवार को मुख्य आरोपी को दबोच लिया गया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स और कॉल डिटेल्स की गहनता से जाँच की जा रही है, और केस में शामिल अन्य दोषियों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












