गाजियाबाद। सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत यशोदा हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, नेहरू नगर एवं आनंदवती फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 2 अगस्त 2026 को गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी के कम्युनिटी हॉल में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का समय प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक रहेगा।
शिविर की संयोजक एवं गुलमोहर एन्क्लेव आरडब्ल्यूए की पूर्व अध्यक्ष रश्मि चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में अनुभवी चिकित्सकों द्वारा फिजिशियन एवं ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञों की निःशुल्क परामर्श सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, पीएफटी (Pulmonary Function Test) तथा बीएमडी (Bone Mineral Density) टेस्ट भी निःशुल्क किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य लोगों को समय रहते स्वास्थ्य संबंधी जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान हो सके और उचित उपचार मिल सके। उन्होंने सोसाइटी के सभी निवासियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों एवं महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की।












