#बस्ती_न्यूज
बस्ती के बरगदवा क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती से परेशान उपभोक्ताओं ने सोमवार को बिजली विभाग के कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 12 बजे उपभोक्ता विद्युत वितरण खंड कार्यालय पहुंचे और लगातार हो रही बिजली कटौती, लो-वोल्टेज तथा आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की। उपभोक्ताओं का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली काटी जा रही है। इससे आम लोगों के साथ-साथ किसानों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि विभागीय अधिकारी उनकी बात सुनने से बच रहे हैं। विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग शिकायत लेकर पहुंचे उपभोक्ताओं ने विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) शुभम पांडेय से मिलने का प्रयास किया। आरोप है कि शुभम पांडेय ने सरकारी कार्य का हवाला देते हुए कार्यालय छोड़ दिया। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने इसके बाद विद्युत उपखंड अधिकारी आशुतोष कुमार का घेराव किया और अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने जल्द से जल्द निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। घेराव के दौरान उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि अघोषित बिजली कटौती पर शीघ्र रोक नहीं लगाई गई और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की बताई। उपखंड अधिकारी आशुतोष कुमार ने उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनने के बाद आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को उच्चाधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस आश्वासन के बाद उपभोक्ता शांत हुए और कार्यालय से वापस लौट गए। हालांकि, क्षेत्रवासियों ने स्पष्ट किया कि यदि स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
अघोषित बिजली कटौती पर उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा:एक्सईएन के जाने के बाद उपखंड अधिकारी का किया घेराव
RELATED ARTICLES












