HomeHealth & Fitnessएनसीआर में सीएनजी कीमतों में एक रुपए की बढ़ोतरी, नई दरें रविवार...

एनसीआर में सीएनजी कीमतों में एक रुपए की बढ़ोतरी, नई दरें रविवार से लागू

नई दिल्ली। दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में संपीड़ित प्राकृतिक गैस (सीएनजी) की कीमतों में तीन दिन के भीतर दूसरी बार बढ़ोतरी की गई है। नई दरें रविवार से लागू हो गई हैं। ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में सीएनजी एक रुपये प्रति किलोग्राम महंगी होकर 80.09 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है।

सीएनजी की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने केंद्र सरकार की आलोचना की है। पार्टी ने कहा कि पिछले दो दिनों में सीएनजी के दाम लगातार बढ़ाए गए हैं, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि 15 मई को सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलोग्राम और 17 मई को 1 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की गई। पार्टी ने इसे महंगाई से जोड़ते हुए सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।

नई दरों के अनुसार, दिल्ली में सीएनजी की कीमत 80.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है, जबकि नोएडा और गाजियाबाद में यह 88.70 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई है। इससे पहले शुक्रवार को भी कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी। इससे पहले 15 मई को गैस कंपनियों ने सीएनजी की कीमतों में दो रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की थी। लगातार दूसरी बढ़ोतरी के साथ तीन दिनों में सीएनजी कुल तीन रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हो चुकी है।

इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) द्वारा जारी नई दरों के अनुसार नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी की कीमत बढ़कर 88.70 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। वहीं, मुंबई में सीएनजी लगभग 84 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बिक रही है। उल्लेखनीय है कि इसी सप्ताह पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी इजाफा दर्ज किया गया। दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर पहुंच गया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता का असर अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इसी वजह से घरेलू ईंधन कीमतों पर भी दबाव बना हुआ है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments