अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम ने रविवार को थाना गिलौला का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें सम्मान गार्द द्वारा सलामी दी गई। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य थाने की कार्यप्रणाली, अभिलेखों और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करना था। उन्होंने थाना कार्यालय में विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों का गहन अवलोकन किया और उनके रखरखाव की गुणवत्ता की जांच की। इनमें रजिस्टर नंबर-8, अपराध रजिस्टर, फ्लाई शीट रजिस्टर, बीपीओ रजिस्टर, शस्त्र सत्यापन रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, प्रार्थना पत्र और न्यायालय आर्डर बुक शामिल थे। त्योहार रजिस्टर की भी विशेष रूप से जांच की गई, जिसमें बीते त्योहारों की प्रविष्टियां अंकित कर अभिलेखों के समुचित रखरखाव और उनमें पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अभिलेखों के निरीक्षण के बाद, अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, सीसीटीएनएस कार्यालय, साइबर हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र का भी दौरा किया। उन्होंने मिशन शक्ति केंद्र पर नियुक्त महिला पुलिसकर्मियों से उनके कार्यों की जानकारी ली और व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, बंदीगृह, शस्त्रागार, मालखाना, आरक्षी बैरक और भोजनालय का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। थाना परिसर की स्वच्छता और अनुशासनात्मक व्यवस्था उच्च स्तर की पाई गई। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने कार्यस्थल को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने की हिदायत दी। बीट में नियुक्त आरक्षी और महिला आरक्षियों से उनकी बीट के बारे में जानकारी ली गई और आवश्यक निर्देश दिए गए। ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत थाना परिसर में खड़े लावारिस और मुकदमाती वाहनों के शीघ्र निस्तारण हेतु भी दिशा-निर्देश जारी किए गए। थाना प्रभारी को प्रतिदिन जन सुनवाई कर शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर संपादित किए जाने वाले प्रत्येक कार्य की बेहतर जानकारी आरक्षियों को दी जाए और शिकायत लेकर आने वाले नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं संतोषजनक समाधान हेतु प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। रात्रि गश्त ड्यूटी, बीट आवंटन, महिला बीट पुलिसिंग, यातायात व्यवस्था, शांति एवं कानून व्यवस्था आदि के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस दौरान थानाध्यक्ष गिलौला श्री आशीष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
ASP ने गिलौला थाने का वार्षिक निरीक्षण किया:अभिलेखों और शस्त्रागार की गहन समीक्षा कर दिए निर्देश
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!










