उत्तर भारत के तमाम राज्यों में गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है लेकिन आज 20 मई को उत्तर प्रदेश में अब तक के सारे रिकॉर्ड टूट सकते हैं। मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, आज उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप देखने को मिलेगा। इसको लेकर रेड अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। यूपी के साथ-साथ अन्य कई राज्यों में भी आज मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही अगले कुछ घंटों के अंदर देश के 19 राज्यों में आंधी-तूफान चलने की भी संभावना है। वहीं अब देश के बड़े हिस्से में लोग बारिश का इंतजार कर रहे हैं ताकि गर्मी से राहत मिल सके।
दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो आज दिल्ली वालों के लिए बुरी खबर है। गर्मी आज अपने पुराने रिकॉर्ड को तोड़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज लू की स्थिति बनी रहेगी और इसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
यह भी पढ़ें: ‘या मुझे गिरफ्तार करो या नेताओं को छोड़ो’, थाने में धरने पर बैठीं सांसद इकरा हसन
यूपी में दिन-रात एक समान
उत्तर प्रदेश में आज गर्मी का कहर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने आगरा, मथुरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद, मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और नोएडा समेत कई जिलों में भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में दोपहर के समय आसमान से आग तो बरसेगी ही साथ में रात के समय भी गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगे। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। भीषण गर्मी को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।
बिहार में तूफान
उत्तर प्रदेश में गर्मी से लोगों की हालत खराब होने वाली है लेकिन पड़ोसी राज्य बिहार में आज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने बिहार के पटना,पूर्णिया, भागलपुर, गया में गरज चमक के साथ बादलों के बरसने का अलर्ट जारी किया है। इससे बिहार के लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
पहाड़ी राज्यों का मौसम
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में गर्मी का असर देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही पहाड़ी इलाकों में गर्मी से राहत मिलेगी। 20 मई से 23 मई के बीच मौसम बदलने की पूर्ण संभावना है। कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश में अगले 48 घंटों में झमाझम बारिश होने की संभावना है। शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और ऊना में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
इन राज्यों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है। जिन राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया गया है उनमें उत्तर प्रदेश सबसे पहले है और उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बंगाल, ओडिसा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, मराठवाड़ा, विदर्भ में भी लू का अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें: बंगाल की सरकारी नौकरियों में 66 OBC जातियों को 7% कोटा, मुस्लिम हुए बाहर
दक्षिण भारत में मौसम
दक्षिण भारत में भी गर्मी का असर देखने को मिल रहा है लेकिन कुछ हिस्सों में बारिश के कारण लोगों को राहत भी मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के समुद्री हिस्सों पर तेज 60 से 70 किलोमीटर की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं और इसके साथ ही बारिश भी हो सकती है।
इसके साथ ही पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में आज भी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन का अशर रहने की संभावना है, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।












