बहराइच के नानपारा तहसील अंतर्गत शिवपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत रामपुर धोबिया हार में स्थित प्राचीन बूढ़ेश्वर नाथ मंदिर प्रांगण की भूमि की पैमाइश बुधवार को की गई। यह पैमाइश नानपारा विधानसभा के विधायक रामनिवास वर्मा के प्रतिनिधिमंडल की देखरेख में राजस्व विभाग द्वारा संपन्न हुई। मंदिर समिति ने प्रांगण की भूमि की पैमाइश के लिए उप जिलाधिकारी नानपारा को एक शिकायती पत्र भेजा था। इसी के बाद बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे राजस्व टीम मौके पर पहुंची और पैमाइश का कार्य शुरू किया। संबंधित लेखपाल अमरेंद्र कुमार ने बताया कि भूमि का चिन्हीकरण कर दिया गया है और जल्द ही पक्की मेड़बंदी करवाई जाएगी। बूढ़ेश्वर नाथ मंदिर एक प्राचीन और सिद्ध स्थल माना जाता है। बुजुर्गों के अनुसार, यह मंदिर रियासती जमाने का है और इसके आसपास कभी घना जंगल हुआ करता था। यहां हर अमावस्या और पूर्णिमा पर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु जलाभिषेक और पूजन-अर्चन के लिए आते हैं। मंदिर से जुड़ी एक मान्यता के अनुसार, एक चरवाहे ने जमीन में गड़े एक पत्थर पर रस्सी बटने के लिए मूंज कूटा, जिससे रक्तधारा बहने लगी। मल्लापुर के रियासती राजा ने जांच करवाई, लेकिन काफी खुदाई के बाद भी पत्थर का अंत नहीं मिला। हाथियों से खिंचवाने पर भी पत्थर टस से मस नहीं हुआ। तभी से क्षेत्रीय लोग यहां पूजा-अर्चना करते हैं। यह भी माना जाता है कि सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना यहां पूरी होती है, जिसके चलते साल भर यहां भजन, भंडारे, संकीर्तन और वेद पाठ जैसे धार्मिक अनुष्ठान होते रहते हैं।
शिवपुर में बूढ़ेश्वर नाथ मंदिर प्रांगण की पैमाइश पूरी:विधायक प्रतिनिधिमंडल की देखरेख में भूमि का चिन्हीकरण हुआ
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












