Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती में हीट वेव को लेकर प्रशासन अलर्ट:दोपहर में काम करने पर...

श्रावस्ती में हीट वेव को लेकर प्रशासन अलर्ट:दोपहर में काम करने पर रोक जैसी सख्त सलाह, धूप से बचने के निर्देश


श्रावस्ती में भीषण गर्मी और संभावित हीट वेव के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट पर है। श्रम विभाग ने श्रमिकों की सुरक्षा के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसका उद्देश्य खुले क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों पर हीट वेव के दुष्प्रभाव को रोकना है। सहायक श्रमायुक्त सन्तपाल ने बताया कि गर्मी से होने वाली जनहानि की भरपाई केवल मुआवजे से संभव नहीं है। इसलिए ऐसी स्थिति उत्पन्न ही न हो, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था करना अत्यंत आवश्यक है। आगामी हीट वेव की तैयारी के तहत उद्योग व्यापार मंडल इकौना/भिनगा, राइस मिल्स एसोसिएशन और ईंट भट्ठा एसोसिएशन के अध्यक्षों व महामंत्रियों को अग्रिम कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें औद्योगिक, निर्माण और अन्य श्रमिकों के लिए गर्मी से संबंधित बीमारियों से बचाव हेतु जागरूकता शिविर आयोजित करना शामिल है। दिशा-निर्देशों के अनुसार, बाह्य कार्यों के लिए कार्य घंटों में परिवर्तन किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित कर श्रमिकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। कार्यस्थलों पर ओआरएस और ग्लूकॉन-डी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, साथ ही ठंडे और स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था भी करनी होगी। श्रमिकों, कर्मचारियों और मजदूरों को सूर्य के सीधे संपर्क से बचने के लिए जागरूक किया जाएगा। श्रमसाध्य कार्यों को सुबह या शाम के ठंडे समय में कराने का प्रयास किया जाएगा। विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच तेज धूप में कार्य कराने से बचने के निर्देश दिए गए हैं। सभी संबंधित संगठनों के अध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि वे इन दिशा-निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराएं। की गई कार्रवाई की जानकारी जियो-टैग फोटो सहित एक सप्ताह के भीतर सहायक श्रमायुक्त कार्यालय, श्रावस्ती को उपलब्ध करानी होगी। वहीं, श्रावस्ती के स्वास्थ्य विभाग ने भी आमजन से अपील की है कि वे दिन में तेज धूप के समय बाहर निकलने से बचें। स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि बाहर निकलकर कार्य करने वाले लोग सुबह 11 बजे तक आवश्यक कार्य निपटा लें। यदि अत्यंत आवश्यक हो तो शाम के समय कार्य करें, लेकिन दोपहर में धूप के दौरान बाहर निकलने से हर हाल में परहेज करें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments