श्रावस्ती के भिनगा कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रामप्रसाद पुरवा निवासी तुलसीराम (45) अपनी पत्नी सुनीता (40) और राजेश (30) के साथ बाइक से भुजंगा की ओर जा रहे थे। सधईपुरवा-भुजंगा मार्ग पर खपरीपुर गांव के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर को उसके चालक ने अचानक मोड़ दिया। इससे तुलसीराम अपनी बाइक पर नियंत्रण खो बैठे और बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया। भिनगा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश कर रही है।
श्रावस्ती में ट्रैक्टर-बाइक टक्कर:बाइक सवार दंपती समेत तीन गंभीर घायल
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











