श्रावस्ती।पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी लाइन आलोक कुमार सिंह द्वारा पुलिस लाइन श्रावस्ती का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन कार्यालय, डायल-112 कार्यालय, साइबर थाना, एम.टी. शाखा, स्टोर, मैस, शस्त्रागार, बैरक, पुलिस लाइन परिसर सहित विभिन्न शाखाओं एवं कार्यालयों का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।निरीक्षण के दौरान विभिन्न शाखाओं के अभिलेखों, रजिस्टरों एवं कार्यालयीय अभिलेखों का अवलोकन कर उनके अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रख-रखाव की समीक्षा की गई। मेस में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सामग्री के रख-रखाव का निरीक्षण किया गया। एम.टी. शाखा में शासकीय वाहनों की स्थिति, अनुरक्षण, लॉगबुक एवं अन्य अभिलेखों का परीक्षण किया गया। स्टोर में उपलब्ध शासकीय सामग्री का सत्यापन कर उसके सुरक्षित रख-रखाव का निरीक्षण किया गया। डायल-112 कार्यालय एवं साइबर थाना की कार्यप्रणाली, अभिलेखों तथा उपलब्ध संसाधनों का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।क्षेत्राधिकारी लाइन द्वारा समस्त शाखा प्रभारियों को कार्यालयों एवं परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, अभिलेखों एवं रजिस्टरों को अद्यतन रखने, शासकीय संपत्तियों एवं उपकरणों का समुचित रख-रखाव सुनिश्चित करने, वाहनों का नियमित अनुरक्षण कराने, कार्यालयों में अनुशासन एवं कार्यकुशलता बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने तथा लंबित कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को तत्काल दूर करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने हेतु संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया।












