कानपुर। शहर में फैशन, डिजाइन और क्रिएटिव एजुकेशन के क्षेत्र को नई दिशा देने के उद्देश्य से आईएनआईएफडी एवं आईएफएम अकादमी का शुभारंभ 22 मई को सर्वोदय नगर स्थित नए परिसर में किया जाएगा। संस्थान युवाओं को आधुनिक तकनीक और इंडस्ट्री आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगा, जिससे उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। यह जानकारी गुरुवार को अकादमी के निदेशक अमित झा ने दी।
निदेशक अमित झा ने बताया कि संस्थान में फैशन डिजाइन, इंटीरियर डिजाइन, टेक्सटाइल डिजाइन, फैशन स्टाइलिंग, इमेज मैनेजमेंट और मॉडलिंग सहित कई व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। विद्यार्थियों के लिए डिग्री, डिप्लोमा, प्रमाणपत्र और अल्पकालिक पाठ्यक्रमों की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते फैशन और डिजाइन सेक्टर में प्रशिक्षित युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है, जिसे ध्यान में रखते हुए पाठ्यक्रमों को तैयार किया गया है। यह बातें अमित झा ने कहीं।
उन्होंने बताया कि अकादमी में छात्रों को केवल सैद्धांतिक शिक्षा ही नहीं बल्कि व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे प्रोफेशनल दुनिया की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें। उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल विभाग के सहयोग से संस्थान में कौशल विकास कार्यक्रमों और प्रशिक्षण कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जाएगा।
22 मई को आयोजित उद्घाटन समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सचान, विधायक सुरेन्द्र मैथानी, मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 रिया सिंह और यूपी हैंडलूम्स के प्रबंध निदेशक पी.सी. ठाकुर समेत शिक्षा, फैशन और उद्योग जगत से जुड़े कई गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है।
अकादमी प्रबंधन के अनुसार सत्र 2026 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। संस्थान में आधुनिक लैब, प्रशिक्षण सुविधाएं और अनुभवी फैकल्टी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रबंधन का मानना है कि यह पहल कानपुर को फैशन और क्रिएटिव शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।











