लखीमपुर;खीरी,21 मई(तरूणमित्र)। शहर के एक नामी मिठाई विक्रेता पर “शुद्ध देसी घी” के नाम पर मिलावटी मिठाई बेचने के आरोप लगे हैं। इस संबंध में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी को एक लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कराने और मिठाइयों के सैंपल की प्रयोगशाला जांच की मांग की गई है। शिकायतकर्ता आदर्श कुमार सक्सेना निवासी बड़खेरवा, लखीमपुर खीरी ने बताया कि उन्होंने 18 मई की रात करीब 10:30 बजे मुख्य बाजार स्थित एक प्रतिष्ठित मिठाई दुकान से बूंदी के लड्डू खरीदे थे। आरोप है कि 19 मई की सुबह भोग के बाद जब लड्डुओं का सेवन किया गया तो उनका स्वाद खराब लगा और तबीयत भी बिगड़ गई। पीड़ित का कहना है कि जब वह 19 मई की रात दुकान पर शिकायत करने पहुंचे तो दुकान मालिक ने स्वयं और अपने सहयोगियों को वही लड्डू खिलाकर मिठाई को सही बताया। हालांकि शिकायतकर्ता के अनुसार इसके बाद उनका पेट खराब हो गया और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें सामने आईं।
शिकायत पत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग से मांग की गई है कि संबंधित मिठाई दुकान की समय-समय पर जांच कराई जाए, साथ ही “शुद्ध देसी घी से निर्मित मिठाइयां” होने के दावे की भी प्रयोगशाला में जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। शिकायतकर्ता ने यह भी मांग उठाई है कि यदि जांच में मिलावट पाई जाती है तो दुकान से “शुद्ध देसी घी से निर्मित मिठाइयां” लिखे बोर्ड हटवाए जाएं और ग्राहकों को बिल देने की व्यवस्था अनिवार्य कराई जाए। इसके अलावा शिकायत में दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित रखने की भी मांग की गई है, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके। अब देखना यह होगा कि खाद्य सुरक्षा विभाग इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करता है।












