HomeHealth & Fitnessएअर इंडिया के दो विमानों का हादसा टला, एक इंजन में आग...

एअर इंडिया के दो विमानों का हादसा टला, एक इंजन में आग तो दूसरा ‘टेल स्ट्राइक’

नई दिल्ली। एअर इंडिया के दो विमान बृहस्पतिवार को बड़े हादसे की चपेट में आने से बाल बाल बच गए। एक घटना में बेंगलुरू से दिल्ली आ रहे एक विमान के इंजन में अचानक आग लग गई, जिसके बाद एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

एक नहीं दो घटना हुई
वहीं दूसरी घटना में दिल्ली से बेंगलुरु उतरे एक विमान का पिछला हिस्सा लैंडिंग के समय रनवे से टकरा गया। राहत की बात यह रही कि दोनों ही हादसों में विमानों में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं।

बेंगलुरु से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआइ 2802 के साथ हुई। बृहस्पतिवार रात करीब 9.30 बजे जब यह एयरबस ए320 विमान आइजीआइ एयरपोर्ट पर लैंडिंग के लिए अपने आखिरी चरण (फाइनल अप्रोच) पर था, तभी काकपिट क्रू को एक इंजन में आग लगने का वार्निंग सिग्नल मिला।

पायलटों की सूझबूझ से हुआ लैंडिंग 
पायलटों ने जब जांच की तो यह अलर्ट सही पाया गया, जिसके तुरंत बाद आइजीआइ एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। पायलटों ने सूझबूझ और एसओपी का पालन करते हुए विमान को रनवे 29आर पर सुरक्षित लैंड कराया। लैंडिंग के तुरंत बाद इंजन में लगी आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।

विमान में सवार सभी 171 यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया इस पूरी प्रक्रिया के कारण प्रभावित हुए रनवे पर रात 10:18 बजे दोबारा परिचालन शुरू हो सका।

इस घटना से कुछ समय पहले दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एअर इंडिया की उड़ान एआइ 2651 जब बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड कर रही थी, तब उसका पिछला निचला हिस्सा रनवे से टकरा गया, जिसे विमानन की भाषा में टेल स्ट्राइक’ कहा जाता है।

आमतौर पर ऐसा तेज हवाओं के कारण संतुलन बिगड़ने या लैंडिंग के समय गलत एप्रोच से होती है। इस हादसे में भी सभी यात्री और क्रू सुरक्षित बच गए, लेकिन दुर्घटनाग्रस्त विमान को व्यापक तकनीकी जांच और मरम्मत के लिए बेंगलुरु में ही ग्राउंडेड कर दिया गया है।

एअर इंडिया ने दोनों घटनाओं पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा है कि उनकी पहली प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा है। एयरलाइन ने उड़ान नियामक संस्था डीजीसीए के साथ मिलकर दोनों ही मामलों की तुरंत एक विस्तृत और उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है, ताकि इंजन में आग लगने और टेल स्ट्राइक के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments