संत कबीर नगर, आज पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना* द्वारा जनपद में अपराधियों को सजा दिलाने और पीड़ित पक्ष को त्वरित न्याय सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से पुलिस कार्यालय पर एक विशेष सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया । इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा माननीय न्यायालयों में प्रभावी पैरवी एवं उत्कृष्ट विधिक कार्य करने वाले अभियोजन शाखा के अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया । सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित होने वाले अधिकारियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की ।
उन्होंने कहा कि आप सभी अधिकारियों द्वारा माननीय न्यायालय में लम्बित वादों में व्यक्तिगत रुचि लेकर अपने कार्यों, दायित्वों तथा कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, मनोयोग, अथक परिश्रम एवं लगन के साथ किया गया है । आपके इस प्रयास से न्यायालय में लम्बित वादों का अधिक से अधिक निस्तारण संभव हो सका है और गंभीर मामलों के अपराधियों को बीस वर्ष तक के कारावास की कठोर सजा दिलाई जा सकी है । यह सफलता अधिकारियों की व्यक्तिगत कार्य कुशलता, मेहनत, सूझ-बूझ एवं न्यायिक कार्यों के प्रति उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता का परिचायक है ।
इसके फलस्वरूप न केवल पुलिस व अभियोजन के प्रति आमजन का विश्वास सुदृढ़ हुआ है, बल्कि न्याय के प्रति जनता में एक बहुत ही सकारात्मक और अच्छा संदेश पहुंचा है । इसी क्रम में अभिमन्यु पाल – ए0एस0जे0/पाक्सो कोर्ट, संतकबीरनगर, विशाल श्रीवास्तव – जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी), संतकबीरनगर. विवेक प्रताप सिंह – ए0डी0जी0सी0/ए0एस0जे0 प्रथम कोर्ट, संतकबीरनगर, अनिल कुमार सिंह – ए0एस0जे0/पाक्सो कोर्ट, संतकबीरनगर को प्रशस्ति पत्र प्रदान करने के उपरांत महोदय ने सभी अधिकारियों के उज्जवल भविष्य की मंगलकामना की । इसके साथ ही उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में भी सभी अधिकारी इसी प्रकार पूरे मनोयोग, निष्पक्षता और प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे तथा न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए उच्च कोटि की सेवाएं प्रदान करते रहेंगे ।












