Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती में बड़े बैनामों पर DM की सीधी नजर:इकौना में जमीनों का...

श्रावस्ती में बड़े बैनामों पर DM की सीधी नजर:इकौना में जमीनों का भौतिक सत्यापन, स्टाम्प शुल्क में गड़बड़ी पर होगी कार्रवाई


श्रावस्ती में राजस्व विभाग द्वारा जमीनों के बड़े बैनामों में हो रही अनियमितताओं को रोकने के लिए जिलाधिकारी ने मोर्चा संभाल लिया है। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देश पर प्रशासनिक टीमों ने भिनगा देहात और इकौना क्षेत्र में जमीनों का भौतिक सत्यापन शुरू कर दिया है। जिला प्रशासन को शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग स्टाम्प शुल्क बचाने के लिए कम कीमत पर बैनामा कर रहे हैं। साथ ही, सरकारी जमीनों पर भी कब्जे की कोशिशें हो रही हैं। इसी के मद्देनजर जिलाधिकारी ने राजस्व, लेखा और रजिस्ट्री विभाग की एक संयुक्त टीम गठित कर जांच के आदेश दिए। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ बड़े बैनामों में स्टाम्प शुल्क में गड़बड़ी की गई है। इसी कारण भिनगा देहात और इकौना में टीम भेजकर दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया। मौके पर जाकर खसरा-खतौनी, बैनामा के कागजात और जमीन की चौहद्दी का मिलान किया गया। कब्जे की स्थिति भी देखी गई। उन्होंने आगे कहा कि अगर जांच में स्टाम्प शुल्क में कोई कमी या फर्जीवाड़ा पाया गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें रिकवरी के साथ-साथ एफआईआर भी दर्ज होगी। सभी तहसीलों को निर्देश दिए गए हैं कि 10 लाख रुपये से ऊपर के बैनामों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। उप जिलाधिकारी भिनगा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर उनकी टीम ने भिनगा देहात की 4 जमीनों का निरीक्षण किया। दस्तावेजों और मौके की स्थिति का मिलान किया गया, जिसमें कुछ जगहों पर अंतर पाया गया है। इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है। तहसीलदार इकौना ने जानकारी दी कि इकौना क्षेत्र में भी 3 बड़े बैनामों की जांच की गई है। जमीन की चौहद्दी और कब्जे की स्थिति का आकलन किया गया। यदि कोई बेनामी या फर्जी लेनदेन पाया गया तो नामांतरण रोक दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular