#बस्ती_न्यूज
नगर थाना क्षेत्र के झिरझिरवा पुल के पास शुक्रवार को एक वृद्ध विकलांग व्यक्ति का शव मिला। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान राजघाट, नगर बस्ती निवासी 70 वर्षीय गंगाराम पुत्र झकड़ी के रूप में हुई। उनके भतीजे शीशराम पुत्र कन्हैया ने बताया कि गंगाराम बचपन से विकलांग थे और उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती थी। परिवार के अनुसार, वह अक्सर बिना बताए घर से निकल जाते थे और गांव के पास एक मजार के आसपास रहते थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे उन्हें तेज धूप में खेतों के बीच बने रास्ते से आते देखा गया था। लोगों ने इसे सामान्य स्थिति मानकर ध्यान नहीं दिया। कुछ समय बाद जब ग्रामीण वहां पहुंचे, तो गंगाराम जमीन पर पड़े मिले। प्रथम दृष्टया, अत्यधिक गर्मी और शारीरिक कमजोरी के कारण उनकी हालत बिगड़ने की संभावना जताई जा रही है। लोगों के अनुसार, मृतक बीमार और काफी कमजोर दिख रहे थे। सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस के कर्मियों ने जांच की और उन्हें मृत घोषित किया। इसके बाद डायल 112 और नगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल पर पहुंचे थाना अध्यक्ष नगर भानु प्रताप सिंह ने निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम को सूचना दी। फोरेंसिक टीम ने भी शव और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। थाना अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अत्यधिक गर्मी, लू और शारीरिक कमजोरी से संबंधित प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
झिरझिरवा पुल के पास वृद्ध का शव मिला:नगर थाना क्षेत्र में गर्मी और कमजोरी से मौत की आशंका
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












