उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में शुक्रवार रात बॉलीवुड जगत की चर्चित हस्तियां रेमो डिसूजा, अभिनेत्री अंकिता लोखंडे और उनके पति विक्की जैन बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे। तीनों ने भगवान श्री महाकालेश्वर की शयन आरती में शामिल होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रसिद्ध कोरियोग्राफर एवं फिल्म निर्माता रेमो डिसूजा अपनी पत्नी के साथ रात करीब 10 बजे मंदिर पहुंचे। उनके साथ अभिनेत्री अंकिता लोखंडे और अभिनेता विक्की जैन भी मौजूद रहे। सभी ने नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल की दिव्य शयन आरती के दर्शन किए। आरती के दौरान तीनों कलाकार श्रद्धा और भक्ति में लीन नजर आए। आरती के पश्चात रेमो डिसूजा, अंकिता लोखंडे और विक्की जैन ने नंदी महाराज का पूजन-अभिषेक किया और नंदी के कान में अपनी मनोकामना कही। इसके बाद उन्होंने चांदी द्वार से भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सभी कलाकारों का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी अपने पसंदीदा सितारों की एक झलक पाने के लिए उत्साह दिखाया। गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब रेमो डिसूजा और अंकिता लोखंडे बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे हों। अंकिता लोखंडे कुछ दिन पहले भी अपने पति विक्की जैन के साथ महाकाल मंदिर आई थीं, जबकि रेमो डिसूजा भी कई बार बाबा महाकाल की शरण में हाजिरी लगा चुके हैं।












