Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बहराइच के अविनाश पाण्डेय बने असिस्टेंट कमिश्नर:स्व-अध्ययन से UPPSC में 11वीं रैंक...

बहराइच के अविनाश पाण्डेय बने असिस्टेंट कमिश्नर:स्व-अध्ययन से UPPSC में 11वीं रैंक हासिल की


बहराइच के विशेश्वरगंज विकास खंड के बड़ानिजाम गांव निवासी अविनाश पाण्डेय ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में 11वीं रैंक प्राप्त की है। अपनी कड़ी मेहनत और स्व-अध्ययन के बल पर उन्होंने असिस्टेंट कमिश्नर (इंडस्ट्रीज) के पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि की खबर मिलते ही गांव से लेकर शहर तक खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की और उन्हें बधाइयां दीं। हर कोई उनकी इस सफलता पर गर्व महसूस कर रहा है। अविनाश पाण्डेय ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बहराइच के बैरोज ब्लूबेल्स स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने लखनऊ में उच्च माध्यमिक शिक्षा पूरी की और पंजाब यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बी.टेक की डिग्री हासिल की। स्नातक के बाद उन्होंने पंजाब के बठिंडा में हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) में लगभग 18 माह तक कार्य कर व्यावसायिक अनुभव प्राप्त किया। हालांकि, उनके मन में देशसेवा का सपना हमेशा जीवित रहा। कोविड-19 के बाद वर्ष 2022 में उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। उनकी सफलता की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग के, पूरी तरह स्व-अध्ययन के बल पर यह मुकाम हासिल किया। वर्ष 2023 में उन्होंने यूपीएससी की EPFO परीक्षा पास कर श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत अकाउंट्स ऑफिसर के पद पर कार्यभार संभाला था। इसके बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और लगातार प्रयास करते हुए UPPSC में 11वीं रैंक प्राप्त कर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। अविनाश अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता ओम प्रकाश पाण्डेय, पत्नी शिप्रा पाण्डेय और शिक्षिका स्नेहलता बैरो को देते हैं। उनका मानना है कि इनके सहयोग, मार्गदर्शन और आशीर्वाद के बिना यह संभव नहीं था। उनकी यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है और यह संदेश देती है कि मजबूत इरादों और कड़ी मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments