Homeजिला / लोकल (Local News)गोवा के सेक्सटॉर्शन रैकेट का मास्टरमाइंड सलमान खान दून से गिरफ्तार

गोवा के सेक्सटॉर्शन रैकेट का मास्टरमाइंड सलमान खान दून से गिरफ्तार


देहरादून। उत्तराखंड पुलिस और गोवा पुलिस ने सेक्सटॉर्शन रैकेट के फरार सरगना सलमान खान को नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपित पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहा था और गोवा में दर्ज करोड़ों रुपये की उगाही के मामले में वांछित था।
एसटीएफ के अनुसार आरोपित सलमान खान, निवासी माजरा पटेलनगर, देहरादून, गोवा के मापुसा थाना क्षेत्र में दर्ज एक संगठित अपराध मामले में शामिल था। आरोप है कि उसने अपने गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर एक सेक्सटॉर्शन गिरोह बनाया था, जो अमीर कारोबारियों को निशाना बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था। जांच में सामने आया कि गिरोह महिलाओं के माध्यम से कारोबारी लोगों को जाल में फंसाता था। इसके बाद फर्जी नारकोटिक्स ब्यूरो अधिकारी बनकर अश्लील वीडियो दिखाने और प्रतिष्ठा खराब करने की धमकी देकर करोड़ों रुपये की उगाही की जाती थी।
पुलिस के मुताबिक गिरोह ने गोवा के मापुसा क्षेत्र में एक विला किराये पर लेकर वहां गुप्त कैमरे लगाए थे। योजना के तहत मुंबई के एक कारोबारी को वहां बुलाया गया, जहां महिला सहयोगी के साथ उसके वीडियो रिकॉर्ड किए गए। बाद में गिरोह के सदस्य खुद को दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो का अधिकारी बताकर मौके पर पहुंचे और कारोबारी को बंधक बनाकर मारपीट करते हुए भारी रकम वसूल की।
मामले में पूर्व में गिरोह की सदस्य निवेदिता शर्मा और हरिद्वार निवासी भुवन अरोड़ा सहित अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी सलमान खान घटना के बाद से फरार चल रहा था। गोवा पुलिस की सूचना पर उत्तराखंड एसटीएफ ने सटीक इनपुट के आधार पर उसे गिरफ्तार कर गोवा पुलिस को सौंप दिया।
एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि गिरोह द्वारा अन्य राज्यों में भी इसी प्रकार की कई वारदातों को अंजाम देने की आशंका है। आरोपी के आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की विस्तृत जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments