सोशल मीडिया पर इन दिनों कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर जबरदस्त बहस चल रही है। इस वायरल ट्रेंड पर लोग अपनी-अपनी राय रख रहे हैं। पार्टी का आरोप है की सरकार ने इनके सोशल मीडिया अकाउंट्स को बंद कर दिया गया है। राजनीति में इसको लेकर हलचल तेज है। इस बीच अब भारतीय रैपर और म्यूजिक प्रोड्यूसर सैंटी शर्मा भी चर्चा में आ गए हैं। सैंटी शर्मा ने इस पूरे ट्रेंड पर खुलकर अपनी राय रखी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके समर्थन और विरोध दोनों में प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। उनका बयान तेजी से वायरल हो रहा है और लोग लगातार इस पर बहस कर रहे हैं।
दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP पिछले कुछ दिनों से इंटरनेट पर एक बड़े डिजिटल आंदोलन की तरह सामने आई है। यह ट्रेंड तब शुरू हुआ जब देश के युवाओं, बेरोजगारी और सिस्टम को लेकर सोशल मीडिया पर कंटेंट वायरल होने लगा। इसके बाद अमेरिका में रहने वाले अभिजीत दिपके ने कॉकरोच जनता पार्टी नाम से एक डिजिटल अभियान शुरू किया। उन्होंने यह पार्टी बनाई जिसने कुछ ही दिनों में करोड़ों लोगों का ध्यान खींच लिया। खासकर इंस्टाग्राम और एक्स पर यह ट्रेंड बेहद तेजी से फैला और देशभर में इसको लेकर अब बहस हो रही है।
यह भी पढ़ें: ‘अभी मैं भी आ रहा हूं…’, शव के पैर छुए फिर दे दी जान, UPSC का पेपर हुआ था खराब
सैंटी शर्मा ने बताया ड्रामा
इसी बीच रैपर सैंटी शर्मा ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट शेयर करते हुए इस पूरे ट्रेंड को इंटरनेट ड्रामा बताया। उन्होंने कहा कि यह किसी गंभीर सामाजिक आंदोलन से ज्यादा सोशल मीडिया पर पैदा किया गया शोर लगता है। सैंटी शर्मा ने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी ऑनलाइन ट्रेंड को आंख बंद करके फॉलो न करें और पहले उसकी सच्चाई और उद्देश्य को समझें।
पोस्ट में क्या कहा?
सैंटी शर्मा ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि लोकतंत्र में सरकार की आलोचना करना गलत नहीं है लेकिन केवल वायरल वीडियो, मीम्स और इमोशनल कंटेंट देखकर किसी एजेंडे का हिस्सा बन जाना खतरनाक हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया के जरिए युवाओं की भावनाओं को भड़काया जा रहा है और देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश हो सकती है।
सोशल मीडिया पर बवाल
उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया। एक तरफ कई लोगों ने सैंटी शर्मा की बात का समर्थन किया और कहा कि इंटरनेट पर चलने वाले हर ट्रेंड को आंदोलन मान लेना सही नहीं है। वहीं दूसरी तरफ CJP समर्थकों ने सैंटी शर्मा की आलोचना करते हुए उन्हें सरकार समर्थक बताना शुरू कर दिया। कई लोगों ने कहा कि युवाओं की बेरोजगारी और भविष्य को लेकर जो गुस्सा है, उसे ड्रामा बताकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
यह भी पढ़ें: PM मोदी के सामने दंडवत हो गए, के पजानिवेल को किस काम के लिए मिला पद्मश्री?
कौन हैं सैंटी शर्मा?
सैंटी शर्मा मध्य प्रदेश के रतलाम से जुड़े एक स्वतंत्र रैपर और म्यूजिक प्रोड्यूसर हैं। पिछले कुछ समय में उन्होंने भारतीय हिप-हॉप इंडस्ट्री में तेजी से पहचान बनाई है। वह अपने गानों और सोशल मीडिया पोस्ट्स के जरिए अक्सर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर राय रखते रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने फिल्म हाउसफुल 5 में भी म्यूजिक प्रोडक्शन से जुड़ा काम किया है।












