HomeHealth & Fitnessस्विमिंग पूल में डाइव लगाते समय हुआ हादसा, इलाज के दौरान मौत

स्विमिंग पूल में डाइव लगाते समय हुआ हादसा, इलाज के दौरान मौत

लखनऊ:  बिजनौर थाना क्षेत्र में स्विमिंग पूल में डाइव लगाते समय एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. हादसा पूल में पानी कम होने की वजह से हुआ. डाइव लगाने के दौरान युवक का सिर पूल के फर्श से टकरा गया, जिससे उसकी मौत हो गई.  

मृतक की पहचान दुष्यंत गुप्ता (45) के रूप में हुई है. वह बिजनौर में पत्नी शीला और बेटों पुलकित व उर्जित के साथ रहते थे. दुष्यंत घर के पास जनसेवा केंद्र चलाते थे. बीते पांच दिनों से वह बच्चों को तैराकी सिखाने के लिए एक स्विमिंग पूल लेकर जा रहे थे. 

दरअसल, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे दुष्यंत अपने दोनों बेटों के साथ पूल पहुंचे थे. बच्चे तैराकी सीख रहे थे, तभी दुष्यंत करीब 10 फीट ऊंचे डाइविंग प्लेटफॉर्म पर चढ़े और पूल में छलांग लगा दी.

लेकिन पूल में पानी कम होने के कारण उनका सिर सीधे फर्श से टकरा गया और गंभीर चोट लग गई. हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई. मौजूद लोग उन्हें आनन-फानन में लोकबंधु अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी शीला अस्पताल पहुंचीं. पति की मौत की खबर सुनते ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और घर में मातम छा गया. बच्चों का भी रो-रोकर बुरा हाल है. एसीपी कृष्णानगर रजनीश के मुताबिक, अभी तक परिजनों की ओर से स्विमिंग पूल संचालक के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी गई है.

हालांकि पुलिस ने मौके पर जांच की है और मौजूद लोगों से पूछताछ की गई है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि स्विमिंग पूल का लाइसेंस था या नहीं और हादसे के वक्त वहां लाइफ बॉय या सुरक्षा इंतजाम मौजूद थे या नहीं.

परिजनों के अनुसार, स्विमिंग पूल ट्यूबवेल के जरिए संचालित किया जा रहा था. शुरुआती जांच में संचालक की लापरवाही सामने आ रही है. पुलिस मामले में पूछताछ कर रही है.

 

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments