सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज थाना क्षेत्र के रेहरा गांव में एक व्यक्ति को उसकी पत्नी और प्रेमी द्वारा कथित तौर पर जिंदा जलाए गए मामले में गंभीर रूप से झुलसे युवक की बुधवार की देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, मृतक युवक का नाम लाल जी था। आरोप है कि 21 मई 2026 को उसकी पत्नी पूजा गौतम ने अपने प्रेमी फिरोज के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियो ने पहले लाल जी पर मिट्टी का तेल डाला और फिर उसे आग लगा दिया था। आग लगने के बाद युवक बुरी तरह झुलस गया था। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंच कर आग बुझाई और घायल लालजी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा पहुंचाया था। वहां से उसे जिला अस्पताल बस्ती और फिर बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया था। कई दिनों तक चले इलाज के बाद बुधवार की देर शाम को उसकी मौत हो गई। आरोपी महिला पूजा गौतम अपने प्रेमी फिरोज को ‘जीजा’ बताकर घर में रखती थी, ताकि किसी को उन पर शक न हो। आरोपी प्रेमी फिरोज मेहदावल क्षेत्र के पीपीगंज का निवासी बताया जा रहा है। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। युवक की मौत के बाद उसके गांव और आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैल गई है। थाना प्रभारी डुमरियागंज श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि पुलिस उक्त मामले की गहनता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी और प्रेमी द्वारा जिंदा जलाए गए युवक की मौत:डुमरियागंज में 6 दिन पहले हुई थी घटना, गोरखपुर के मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान तोड़ा दम
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












