शनिवार दोपहर इटवा थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में एक महिला और उसके दो साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर चौखड़ा स्थित बदलिया कन्या डिग्री कॉलेज के सामने हुई। पुलिस के अनुसार, डुमरियागंज थाना क्षेत्र के कटौतियां गांव निवासी दुर्गावती (40) अपने दो साल के बेटे पल्लू के साथ अपने भाई जीतू सहानी की मोटरसाइकिल पर ढेबरूवा थाना क्षेत्र स्थित मायके जा रही थीं। चौखड़ा के पास उनकी बाइक की दूसरे मोटरसाइकिल सवार से ओवरटेकिंग के दौरान स्थिति बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक को देखकर बाइक चला रहे जीतू सहानी ने संतुलन खो दिया। बेकाबू बाइक ट्रक के पिछले हिस्से की ओर जा घुसी। हादसे में पीछे बैठी दुर्गावती और उनकी गोद में मौजूद पल्लू सड़क पर गिर गए, जिसके बाद ट्रक का पिछला पहिया दोनों के ऊपर से गुजर गया। इस भीषण टक्कर में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। बाइक चला रहे जीतू सहानी को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में मुकदमा पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद परिजनों में दुख का माहौल है और गांव में शोक व्याप्त है।
सिद्धार्थनगर में बाइक ट्रक में जा घुसी, मां-बेटे की मौत:ओवरटेक के दौरान ट्रक ने कुचला, ड्राइवर गिरफ्तार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












