रिपोर्ट:विनय कुमार गुप्त।
महराजगंज (निचलौल)तहसील मुख्यालय को दर्जनों गांवों से जोड़ने वाला मुख्य निचलौल-कोहड़वल मार्ग इस समय अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। यह मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे क्षेत्र का आवागमन ठप होने की कगार पर पहुंच गया है। विडंबना देखिए कि इसी मार्ग से रोजाना तहसील के आला अधिकारियों की गाड़ियां गुजरती हैं, लेकिन शीशे बंद गाड़ियों में बैठे साहबों को सड़क के जानलेवा गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं।
यह मार्ग केवल ग्रामीणों के लिए ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में जाने वाले मासूम बच्चों के लिए भी एकमात्र सहारा है। खस्ताहाल सड़क के कारण आए दिन स्कूली बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।क्षेत्र की जनता का तहसील मुख्यालय आने-जाने का यह एकमात्र मुख्य जरिया है। सड़क की बदहाली को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण या मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो वे तहसील मुख्यालय पर उग्र प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।












