HomeHealth & Fitnessकांवड़ियों की राह आसान बना रहा जल निगम, पेयजल आपूर्ति के लिए...

कांवड़ियों की राह आसान बना रहा जल निगम, पेयजल आपूर्ति के लिए किए व्यापक इंतजाम

बिजनौर। देवभूमि हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) बिजनौर ने कांवड़ मार्ग पर व्यापक पेयजल व्यवस्थाएं की हैं। विभाग ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सभी ग्रामीण पाइप पेयजल योजनाओं को विशेष रूप से सक्रिय कर दिया है।

अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी ग्रामीण पाइप पेयजल योजनाओं, नलकूपों एवं जल मीनारों से जलापूर्ति का समय बढ़ा दिया गया है, जिससे शिविरों और मार्गों पर कहीं भी पेयजल की कमी न हो। उन्होंने बताया कि निर्बाध जलापूर्ति बनाए रखने के लिए विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। साथ ही संवेदनशील एवं बड़े कांवड़ शिविरों से जुड़ी पेयजल योजनाओं पर जनरेटर के माध्यम से वैकल्पिक बिजली व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है।

पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सभी जल स्रोतों पर नियमित क्लोरीनेशन कराया जा रहा है तथा विभाग की लैब टीम लगातार पानी के नमूनों की रासायनिक जांच कर रही है, ताकि श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके।

अधिशासी अभियंता ने बताया कि प्रत्येक पेयजल योजना और कांवड़ मार्ग की निगरानी के लिए सहायक अभियंताओं एवं अवर अभियंताओं की तैनाती की गई है, जो लगातार निरीक्षण कर जलापूर्ति व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) का संकल्प है कि बिजनौर जनपद की सीमा से गुजरने वाले किसी भी शिवभक्त को पेयजल संबंधी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और उनकी यात्रा सुगम एवं सुरक्षित बनी रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular