रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आईपीएल के फाइनल मैच में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हरा दिया है। गुजरात के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 156 रन बनाए थे जिसे आरसीबी ने बहुत आसानी से हासिल कर लिया। आरसीबी की इस धमाकेदार जीत के बाद जहां फैंस खुशी से झूम रहे हैं वहीं दूसरी तरफ इस पर एक बड़ा विवाद भी शुरू हो गया है। कर्नाटक के होने वाले नए मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने इस मैच के वेन्यू को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह फाइनल मैच बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में होना चाहिए था लेकिन राजनीति की वजह से इसे गुजरात ले जाया गया जो आरसीबी के फैंस के साथ सरासर अन्याय है। इस बड़े विवाद के बीच आरसीबी ने लगातार दूसरी बार आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है।
कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार 3 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। उन्होंने आरसीबी की टीम को जीत पर बधाई दी लेकिन साथ ही मैच के मैदान को लेकर अपनी नाराजगी जताई। शिवकुमार ने कहा, ‘आरसीबी का मैच बेंगलुरु में होना चाहिए था, हमारे साथ गलत हुआ है। राजनीति की वजह से वे इसे वहां ले गए। अब मैं इस पर ज्यादा कुछ नहीं बोलूंगा।’ उन्होंने आगे कहा कि अगर यह मैच बेंगलुरु शहर में होता तो वहां के फैंस के लिए यह पल और भी ज्यादा बड़ा और ऐतिहासिक होता। शिवकुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट लिखकर पूरी टीम, खिलाड़ियों, कोच और सपोर्ट स्टाफ की तारीफ की और पूरे कर्नाटक राज्य तरफ से सबको शुभकामनाएं दीं।
यह भी पढ़ें: ‘भैया नहीं ब्रदर बोलो’, रिंकू सिंह की बहन और सुनील नरेन की बातें हुई वायरल
विराट कोहली की पारी
इस फाइनल मैच में आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने सिर्फ 25 गेंदों में आईपीएल करियर का अपना सबसे तेज अर्धशतक जड़ा। कोहली ने इस मैच में पूरे 42 गेंदें खेलीं और 9 चौके व 3 छक्के लगाकर नाबाद रहते हुए 75 रन बनाए। यह आईपीएल प्लेऑफ के इतिहास में विराट कोहली का सबसे बड़ा स्कोर है। साल 2025 के बाद से यह रिकॉर्ड बना हुआ है कि जब भी विराट कोहली अर्धशतक लगाते हैं आरसीबी कभी कोई मैच नहीं हारती। इस मैच में कोहली को दूसरे तरफ से वेंकटेश अय्यर का भी साथ मिला जिन्होंने 32 रनों की पारी खेली। आरसीबी ने साल 2025 में अहमदाबाद के मैदान पर ही अपनी पहली ट्रॉफी जीती थी और अब 2026 में लगातार दूसरा खिताब जीता है।
यह भी पढ़ें: चोट कंधे पर लगी और बहाना सिर का कर दिया? मुंबई इंडियंस के फैसले पर हंगामा
गुजरात टाइटंस की हार
गुजरात टाइटंस जिसने साल 2022 में अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था इस बार अपने ही घरेलू मैदान पर हार गई। गुजरात की इस हार के पीछे खिलाड़ियों की थकान और खराब शेड्यूलिंग एक बड़ी वजह रही। गुजरात टाइटंस की टीम पिछले 6 दिनों के अंदर अपना तीसरा मैच खेल रही थी और वो भी तीन अलग-अलग शहरों में, खराब मौसम की वजह से भी वे काफी परेशान रहे और फाइनल खेलने के लिए अहमदाबाद भी सिर्फ शनिवार की रात को ही पहुंच पाए थे। लगातार मैचों के दबाव के वजह से गुजरात की टीम मैदान पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई।












