Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)नगर बाजार में जर्जर बिजली पोल, हादसे का खतरा:खुटहन मोहल्ले में झुका...

नगर बाजार में जर्जर बिजली पोल, हादसे का खतरा:खुटहन मोहल्ले में झुका पोल, विभाग पर लापरवाही का आरोप

#बस्ती_न्यूज

नगर पंचायत नगर बाजार क्षेत्र में विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। मोहल्ला खुटहन (वार्ड नं. 4, अटल नगर) स्थित बकानिया दीप मार्ग पर अर्जुन कुमार के घर के पास लगा एलटी (लो टेंशन) बिजली का खंभा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह विद्युत पोल बीच से टूटकर मुख्य मार्ग की ओर झुक गया है और हवा में लटका हुआ है। यह रास्ता इलाके का प्रमुख आवागमन मार्ग है, जहां दिन-रात राहगीरों, स्कूली बच्चों और मवेशियों का आना-जाना लगा रहता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। निवासियों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार विद्युत विभाग को लिखित और मौखिक शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। कांग्रेस कमेटी के नगर अध्यक्ष यशराज के०के० ने बताया कि जिम्मेदार अधिकारी पूरी तरह से उदासीन बने हुए हैं और किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि क्षेत्र में पहले भी जर्जर बिजली व्यवस्था के चलते हादसे हो चुके हैं, जिनमें दो सगे भाइयों की मौत भी शामिल है। इसके बावजूद विभाग की लापरवाही जारी है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मोहल्ले के नागरिकों ने अधिशासी अभियंता और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि इस जर्जर पोल को जल्द से जल्द बदला जाए, ताकि जन-धन की हानि से बचा जा सके। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो स्थानीय लोग उग्र प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। इस संबंध में पूछे जाने पर अधिशासी अभियंता राजित राम ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही पोल को बदल दिया जाएगा।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments