आदर्श नगर पंचायत भारत भारी क्षेत्र अंतर्गत परसा हुसैन से सेखुई जाने वाला मार्ग पिछले लगभग 30 वर्षों से जर्जर स्थिति में है। सड़क की इस बदहाली के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में यह मार्ग कीचड़ और जलभराव से भर जाता है, जिससे आवागमन मुश्किल हो जाता है। वहीं, गर्मियों में उड़ने वाली धूल लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती है। इस सड़क की खराब स्थिति से मरीज, स्कूली बच्चे और किसान सबसे अधिक प्रभावित हैं। वार्डवासियों का आरोप है कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद क्षेत्र की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। लोगों का कहना है कि मूलभूत सुविधाओं के लिए भी उन्हें संघर्ष करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी सहजराम ने बताया कि यह सड़क वर्षों से टूटी हुई है और कई बार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से मांग करने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिले हैं। योगेंद्र ने बताया कि बरसात में सड़क पर चलना बेहद मुश्किल हो जाता है और गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण की मांग की। अल्ताफ हुसैन का कहना है कि चुनाव के समय किए गए विकास के वादे चुनाव खत्म होते ही भुला दिए जाते हैं। मोहम्मद आजम ने बताया कि यह मार्ग कई गांवों को जोड़ता है और इसकी दुर्दशा से व्यापार, शिक्षा और सामान्य आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण कराने की अपील की। इस संबंध में नगर पंचायत भारत भारी के अधिशाषी अधिकारी (ईओ) राजन गुप्ता ने बताया कि उन्हें सड़क की समस्या की जानकारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मार्ग की स्थिति का निरीक्षण कराया जाएगा और नियमानुसार प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। बजट उपलब्ध होते ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।
भारत भारी का परसा हुसैन-सेखुई मार्ग 30 साल से बदहाल:आवागमन में दिक्कत, अधिकारी ने दिया जांच का आश्वासन
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












