#बस्ती_न्यूज
बस्ती में सामाजिक कार्यकर्ता एवं भाजपा नेता चन्द्रमणि पाण्डेय ‘सुदामा’ ने मनोरमा नदी की सफाई, अतिक्रमण हटाने और प्रदूषण रोकने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बार-बार आश्वासन के बावजूद धरातल पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे नदी संरक्षण के प्रयास प्रभावित हो रहे हैं। सुदामाजी पिछले डेढ़ दशक से मनोरमा नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए जनजागरण, धरना-प्रदर्शन, पत्राचार और जनहित याचिका जैसे विभिन्न माध्यमों से संघर्ष कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने कई घाटों पर सफाई अभियान भी चलाया था, जिसके दबाव में प्रशासन ने कुछ स्थानों पर सफाई कार्य कराया, लेकिन बाद में यह अभियान रुक गया। अतिक्रमण हटाने की मांग उन्होंने बताया कि 5 फरवरी 2026 से अब तक मनोरमा, रामरेखा और कुआनों नदियों की सफाई, प्रदूषित नालों के नियमन, अपशिष्ट फेंकने वालों पर कार्रवाई तथा नदी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर कई ज्ञापन दिए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश भी दिए थे, लेकिन उनकी समीक्षा और अनुपालन नहीं कराया गया। सुदामा के अनुसार, 9 अप्रैल को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में रामनवमी तक लगभग 10 किलोमीटर क्षेत्र में सफाई अभियान चलाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं हुआ है। इसी तरह, 7 मई की बैठक में एक माह के भीतर अतिक्रमण चिन्हित कर हटाने की बात कही गई थी, पर इस दिशा में भी कोई प्रगति नहीं दिख रही है। सफाई प्रयासों का उल्लेख उन्होंने चिंता व्यक्त की कि जिस मनोरमा नदी के संरक्षण और सफाई प्रयासों का उल्लेख स्वयं प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में किया था, उसी नदी की वास्तविक स्थिति को लेकर स्थानीय प्रशासन की उदासीनता बनी हुई है। सुदामा ने प्रशासन से 7 जून तक सफाई अभियान शुरू करने, अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया प्रारंभ करने और कार्य प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि तय समय तक कार्रवाई नहीं हुई, तो 15 जून को समर्थकों और क्षेत्रवासियों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पर शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक प्रदर्शन किया जाएगा।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
मनोरमा नदी सफाई, प्रशासन को 7 जून तक का अल्टीमेटम:कार्रवाई न होने पर 15 जून को प्रदर्शन की चेतावनी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












