HomeHealth & Fitnessपुलिस कर्मियों के साथ मारपीट का मामला: वीडियो हुआ सोशल मीडिया पर...

पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट का मामला: वीडियो हुआ सोशल मीडिया पर वायरल

बख्शी का तालाब। थाना क्षेत्र में एक दुकान पर सामान के तय दाम से ज्यादा पैसे वसूलने का विरोध करने पर दबंगों ने दो पुलिसकर्मियों की बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट और पथराव का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक खुलेआम ईंट और पत्थर चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

यह घटना बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े दस बजे की बताई जा रही है। बीकेटी थाने में तैनात सिपाही अंकित सिंह अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद अपने साथी सिपाही अंकित कुमार के साथ भैंसामऊ क्रॉसिंग के पास पहुंचे थे। यहाँ चौराहे पर स्थित एक कन्फेक्शनरी की दुकान पर वे कुछ घरेलू सामान खरीदने के लिए रुके। सामान लेने के बाद जब पैसे देने की बारी आई, तो दुकानदार ने सामान पर लिखे प्रिंट रेट से ज्यादा पैसों की मांग की।

जब सिपाही अंकित सिंह ने इस अवैध वसूली और ओवररेटिंग का विरोध किया, तो दुकान पर मौजूद लोग भड़क गए। बहस इतनी बढ़ गई कि दुकानदार के पास बैठे एक लड़के ने आव देखा न ताव और सीधे सिपाही अंकित कुमार को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद वहां का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया। शोर-शराबा सुनकर दुकानदार के पक्ष से आठ-दस और लड़के वहां लाठी-डंडे लेकर आ धमके। इन सभी ने मिलकर दोनों सिपाहियों को घेर लिया और उन पर टूट पड़े।

सिपाहियों ने जब खुद को बचाने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। दबंगों ने लात-घूंसों के साथ-साथ सड़क पर पड़े ईंट और पत्थरों से भी पुलिसकर्मियों पर जमकर पथराव किया। इस दौरान सड़क पर काफी देर तक अफरातफरी मची रही और राहगीर अपनी जान बचाकर भागते दिखे।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। भारी संख्या में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला, लेकिन तब तक आरोपी वहां से भाग चुके थे।

इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि, पूरी घटना को लेकर सख्त रुख अपनाया गया है। पुलिस ने इस गुंडागर्दी के मामले में तीन नामजद और आठ से दस अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के जरिए सभी हमलावरों के चेहरे साफ करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें वीडियो में दिख रहे उपद्रवियों के ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments