Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)गैस सिलेंडर में आग से विधवा का घर राख:बस्ती के कप्तानगंज में...

गैस सिलेंडर में आग से विधवा का घर राख:बस्ती के कप्तानगंज में हादसा, ग्रामीणों ने मिट्टी से बुझाई लपटें

#बस्ती_न्यूज

बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के राजस्व ग्राम मीता सोती में मंगलवार रात करीब आठ बजे एक अग्निकांड में विधवा इंद्रावती का घर जलकर राख हो गया। खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लगने से यह हादसा हुआ। ग्रामीणों की सूझबूझ से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर का सारा सामान जल चुका था। इंद्रावती, जो स्वर्गीय रामशंकर की पत्नी हैं, जैसे ही खाना बनाने के लिए गैस चूल्हे पर आग जलाईं, अचानक सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें पूरे सिलेंडर को अपनी चपेट में ले लीं और पल भर में पूरे घर में फैल गईं। आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। मोहित, प्रहलाद, ताड़क राम, विनय कुमार, पिंटू और रामसुमेर सहित अन्य ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए मिट्टी का उपयोग किया। उन्होंने जलते हुए सिलेंडर को चारों तरफ से मिट्टी से ढककर आग की आपूर्ति रोकने का प्रयास किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, आग बुझने तक घर में रखे कपड़े, बिस्तर और अन्य सभी घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। पीड़िता इंद्रावती पहले से ही विधवा हैं और किसी तरह अपना जीवन यापन कर रही थीं। इस हादसे ने उनके सामने एक गंभीर आर्थिक और मानसिक संकट खड़ा कर दिया है। पीड़िता ने जिला प्रशासन से तत्काल राहत और मुआवजे की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने भी एकजुट होकर प्रशासन से मांग की है कि इस असहाय विधवा की मदद के लिए आगे आए और उन्हें आवश्यक सामग्री व आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए ताकि वह दोबारा अपना जीवन पटरी पर ला सकें।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments